
शिकायत संबंधी निस्तारण के संदर्भों पर हस्थलिखित टिप्पणी के स्थान पर कम्प्यूटरीकृत टिप्पणी का किया जाए अंकन।
लेखपाल व कानूनगो द्वारा अंकित टिप्पणी को संबंधित उप जिलाधिकारी/ तहसीलदार अवश्य करें परीक्षण ताकि संतुष्टि प्रतिशत में न हो कमी।
विद्यालयों में खराब हैण्डपम्पों की सूची आज ही निरीक्षण कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी करायें उपलब्ध।
बढ़ते तापमान को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालयों के खराब हैैण्डपम्पों का स्वयं संज्ञान लेकर खंड विकास अधिकारी आगामी तीन दिवस में कराएं ठीक।
गौआश्रय स्थलों में गौवंशों हेतु सभी संबंधित अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर समय रहते आवश्यकतानुरूप पर्याप्त भूसा भंडारण हेतु करें कार्यवाही।
प्रातः 10:00 बजे जूम मीटिंग के माध्यम से होने वाली समीक्षा में सभी संबंधित अधिकारी जूम मीटिंग में जुड़ने के उपरांत ही क्षेत्रीय भ्रमण पर करें प्रस्थान।
औरैया 30 अप्रैल 2025- जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जूम मीटिंग के माध्यम से कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण में लेखपाल /कानूनगो द्वारा हस्थलिखित टिप्पणी अंकित किए जाने के कारण सही व सुस्पष्ट न होने से निस्तारण के संतुष्टि प्रतिशत में कमी आती है और संबंधित उप जिलाधिकारी/ तहसीलदार इस पर विशेष ध्यान न देते हुए हस्ताक्षर करते हुए कार्यवाही आगे प्रसारित कर देते हैं यह बहुत ही आपत्तिजनक है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उक्त से संबंधित प्राप्त टिप्पणी रिपोर्ट का कम्प्यूटरीकृत अंकन किया जाए अन्यथा की स्थिति में संतुष्टि प्रतिशत कम होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बढ़ते तापमान को दृष्टिगत रखते हुए पेयजलापूर्ति की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में आज ही निरीक्षण कर खराब हैण्डपम्पों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह स्वयं संज्ञान लेकर भी खराब हैण्डपम्पों को आगामी तीन दिवस में ठीक कराएं। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वह गौआश्रय स्थलों में गौवंशों के चारा हेतु जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए भूसा भंडारण दान /खरीद के माध्यम से समय रहते सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी श्री त्रिपाठी ने बैठक में गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए पाया कि लक्ष्य के सापेक्ष्य गेहूं खरीद कम हो रही है। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामों में कृषकों से संपर्क कर व्यवस्था बनाते हुए गांव में ही खरीद करते हुए लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधितों को निर्देश दिए कि वह प्रातः 10:00 बजे होने वाली जूम मीटिंग में जुड़ने के उपरांत (समीक्षा पश्चात) ही क्षेत्रीय भ्रमण पर प्रस्थान करें जिससे बैठक में कार्यों की समीक्षा सुनिश्चित हो सके और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा सके। उन्होंने कहा कि बैठक में न जुड़ने पर अनुपस्थित मानते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।




