*1 दिन में कितनी बार पेशाब जाना नार्मल है कम या ज्यादा यूरिन किन बीमारियों का हो सकता संकेत*

सेहत से जुड़ी जानकारी।क्या आप दिन भर में बार बार टायलेट जाने को लेकर परेशान रहते है या फिर दिन में एक दो बार ही पेशाब करते है यदि हा तो ये आपकी सेहत के बारे में कुछ संकेत दे सकता है दरअसल, पेशाब (Urine) करने की आदतें हमारे किडनी और यूरिनरी सिस्टम की सेहत को दर्शाती हैं। आइए जानते हैं बीएलके मैक्स अस्पताल के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. भानु मिश्रा से कि दिनभर में कितनी बार पेशाब करना सामान्य है और इसकी संख्या अगर कम या ज्यादा हो तो क्या यह किसी बीमारी का लक्षण हो सकता है।
एक दिन में कितनी बार पेशाब आना सामान्य है?
डॉ. के अनुसार, एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए दिन में 6 से 8 बार पेशाब करना सामान्य माना जाता है। हालांकि यह संख्या व्यक्ति के पानी पीने की मात्रा, उम्र, दवा सेवन और शारीरिक गतिविधियों पर भी निर्भर करती है। यदि आप बहुत अधिक पानी पीते हैं, तो 10 बार तक पेशाब जाना भी सामान्य हो सकता है।
बार-बार पेशाब आना किन समस्याओं का संकेत हो सकता है?
अगर दिन में 10 से ज्यादा बार या रात में कई बार पेशाब के लिए उठना पड़ रहा है, तो यह नीचे दी गई स्थितियों का संकेत हो सकता है-
- डायबिटीज (मधुमेह)
- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI)
- ओवरएक्टिव ब्लैडर (OAB)
- प्रोस्टेट ग्रंथि की समस्या (पुरुषों में)
- कैफीन या शराब का अधिक सेवन
- तनाव या एंग्जायटी
बहुत कम पेशाब आना भी है खतरनाक संकेत
अगर आप दिनभर में 3 बार से कम पेशाब कर रहे हैं या पेशाब का रंग गहरा पीला या भूरा हो रहा है, तो यह डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) या किडनी की समस्या का संकेत हो सकता है-
- किडनी फेलियर की शुरुआती स्थिति
- यूरीन ब्लॉकेज
- डिहाइड्रेशन या पानी की कमी
- कुछ दर्दनाशक या एंटीबायोटिक दवाएं
कब डॉक्टर से मिलें?
अगर आपके पेशाब की आदतों में अचानक बदलाव आ जाए, पेशाब में जलन, बदबू या खून आए, या बार-बार यूरिन आना नींद में बाधा डाल रहा हो तो तुरंत नेफ्रोलॉजिस्ट से संपर्क करें।
कैसे रखें अपना ख्याल?
- दिनभर में 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं।
- कैफीन और शराब का सेवन सीमित करें।
- पेशाब रोकने की आदत से बचें।
- नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।




