
बिधूना। आगामी गंगा दशहरा और बकरीद के त्योहारों को शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय कोतवाली परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित हिंदू और मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध व गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल राजपूत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के अवसर पर कार्यक्रम केवल उन्हीं स्थानों पर आयोजित किए जाएं, जहां पहले से होते आए हैं। किसी भी दशा में किसी नई परंपरा की शुरुआत न करने की सख्त हिदायत दी गई।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि व्हाट्सएप या अन्य किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट न डालें और न ही किसी फर्जी या भ्रामक पोस्ट को आगे शेयर करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था में कोई व्यवधान न आए।

वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने सभी आयोजकों को सचेत किया कि किसी भी कार्यक्रम को आयोजित करने से पहले प्रशासन से विधिवत अनुमति अवश्य लें। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही कोतवाल ने उपस्थित लोगों से संवाद कर त्योहार मनाने में आने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी भी ली।
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से एडीओ पंचायत नृपेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह सेंगर (प्रधान पति), बलदेव सिंह (प्रधान), नाजिम खान, बलवीर यादव, निजाम, महेश कुमार, इमरान और राम मोहन शर्मा सहित अन्य लोग शामिल थे। सभी ने प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।वहीं तहसील क्षेत्र के बेला थाना क्षेत्र में उपजिलाधिकारी निखिल राजपूत,सीओ पुनीत मिश्रा व थाना प्रभारी गंगादास गौतम के साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गश्त की और लोगो से संवाद किया कहा कि किसी भी अनैतिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सजग है। किसी भी सूरत में किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि को नहीं पनपने दिया जायेगा।





