

शिकायतों के निस्तारण में स्थलीय साक्ष्य के साथ-साथ गवाहों के रूप में भी संबंधित पक्षकारों के करायें हस्ताक्षर।
स्थलीय निरीक्षण, संवाद के उपरांत ही निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का किया जाए निस्तारण।
औरैया 01 मार्च 2025- जिलाधिकारी डॉ० इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने बिधूना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उनके आवेदन पत्र प्राप्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने से संबंधित शिकायत का संज्ञान लेकर निर्धारित समयावधि में स्थलीय निरीक्षण कर फरियादियों से संवाद कर शिकायत की स्थिति का परीक्षण करने के उपरांत नियमानुसार संतुष्टि पूर्ण समाधान करते हुए साक्ष्य के रूप में फोटोग्राफ व उपस्थित जनों के हस्ताक्षर भी करायें जिससे किसी के द्वारा पुनः विवाद पैदा न किया जाए और समस्या का सही समाधान भी सुनिश्चित रहे।
ग्राम प्रधान श्रीमती राममूर्ति निवासी दानशाह ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत पुर्वा दानशाह में मनरेगा श्रमिकों द्वारा सन 2022 में बनाए गए अमृत सरोवर के कार्य का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है उन्होंने बताया कि रोजगार सेवक के रूप में तैनात आशीष यादव निवासी शहबाजपुर ने ग्राम शहबाजपुर के श्रमिकों के खाते में लगभग 07 लाख लगा दिया है जिससे दानशाह के मनरेगा श्रमिक भुगतान से वंचित हैं और वह परेशान होते हैं और वह इस हेतु तहसील दिवस में भी कई बार प्रार्थना पत्र दिया परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई कृपया इसका निदान कराते हुए श्रमिकों का भुगतान कराने की कृपा करें जिस पर जिलाधिकारी ने डी0सी0 मनरेगा को निर्देश दिए कि स्वयं जांच कर कार्यवाही सुनिश्चित करें। राम शंकर गुप्ता पुत्र राजेश कुमार निवासी मोहल्ला नवीन बस्ती कस्बा बिधूना ने अवगत कराया कि मेरे द्वारा दिनांक 23.09.2024 को अपनी विधवा माताजी का आवेदन किया था जिसमें समस्त कागजात संलग्न है परंतु अभी तक विधवा माताजी की विधवा पेंशन स्वीकृति नहीं हुई है कृपया स्वीकृति कराने की कृपा करें जिस पर जिलाधिकारी ने डी0पी0ओ0 को निर्देश दिए कि कार्यवाही कर 07 दिन में आख्या उपलब्ध करायें। शालिनी मिश्रा पत्नी ईश्वर दयाल मिश्रा निवासी नई बस्ती कस्बा बिधूना ने अपना प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया है कि उनकी भूमि संख्या 955 रकवा 0.053 हे० की पैमाइश क्षेत्रीय लेखपाल देवा द्वारा कराते हुए उक्त रकबा से 0.012 हे० की नपती करा कर प्रार्थिनी को कब्जा दाखिल करवाया जाए आपकी महान दया होगी जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार बिधूना को निर्देशित किया कि उक्त मामले में नियमानुसार कार्यवाही करें। बीरपाल पुत्र स्व० श्री कोमल सिंह निवासी ग्राम शामपुर रठगांव एरवाकटरा बिधूना ने प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत कराया कि प्रार्थी की भूमि, भूमिधरी भूमि नंबर 574 रकबा 0.040 हे0 है जिस पर अवनीश कुमार, मोहित कुमार पुत्र जावेद सिंह द्वारा दबंगई व गुंडई के बल पर कब्जा कर लिया है जिसकी शिकायत थाना प्रभारी को दी थी जिनके द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया परंतु उनकी बात भी नहीं मानी कृपया श्रीमान जी से निवेदन है कि प्रार्थी को न्याय दिलाए जाने की कृपा करें जिस पर जिलाधिकारी ने एस0ओ0सी0 को निर्देशित किया कि मामले की स्थलीय जांच कर आज ही निस्तारण करायें। जिलाधिकारी ने उक्त अवसर पर पूर्व संपूर्ण समाधान में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की गुणवत्ता हेतु संबंधित फरियादियों से वार्ता कर जानकारी प्राप्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिनका निस्तारण संतुष्टि पूर्ण नहीं हुआ है वह पुनः निरीक्षण कर फरियादी से संवाद करते हुए संतुष्टि पूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्रों को प्राप्त करते हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित थाना प्रभारियों को देते हुए निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करते हुए संबंधित को अवगत करायें। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 206 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 22 शिकायती प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिधूना गरिमा सोनकिया, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश सिंह, तहसीलदार बिधूना जितेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी बिधूना भरत पासवान, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।




