
अवरुद्ध चकमार्ग अवैध रूप से गूल को रोकने तथा खलिहान व चारागाह आदि की भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायत का निस्तारण नियमानुसार करते हुए कराये कब्जा मुक्त।
औरैया 24 अप्रैल 2025 – जिलाधिकारी डॉ० इंद्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने मिशन समाधान के तहत सरकारी भूमि, चकरोड तथा नाली/गूल, तालाब , आवासीय पट्टों सहित अन्य सरकारी भूमि पर किसी के द्वारा किए गए अवैध कब्जा एवं आपसी विवादों को निस्तारित कराने के लिए तहसीलवार गठित राजस्व व पुलिस की टीमों द्वारा लगातार की जा रही कार्यवाहियों के तहत तहसील बिधूना की ग्राम पंचायत पिपरौली शिव के मजरा बिहारीपुर में पहुंचकर अवैध रूप से अवरुद्ध किए गए चकमार्ग को देखा और तत्काल नपती कराते हुए जेसीबी के माध्यम से चिन्हित कर उसको बनवाये जाने हेतु नायब तहसीलदार बिधूना को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इसके बन जाने से जरूरतमंदों को कृषि कार्य हेतु आने जाने के लिए सहूलियत मिलेगी। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि कब्जा मुक्ति व आपसी मामलों के निस्तारण को नियमानुसार एवं निष्पक्षता के साथ करते हुए स्थाई समाधान सुनिश्चित करें, जिससे पुनः अवैध कब्जा/ विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के संबंध में की जाने वाली कार्यवाही की फोटो/ वीडियोग्राफी भी कराये और यदि निस्तारण के उपरांत किसी के द्वारा कोई विवाद पैदा किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व लेखपाल को निर्देशित किया कि मिशन समाधान के अंतर्गत सतत प्रक्रिया संचालित रखते हुए सरकारी भूमि, चकरोड, नाली/कूल, कृषि भूमि एवं ग्राम पंचायत की भूमि आदि के अवैध कब्जों के साथ-साथ आम जन के आपसी भूमि विवादों को भी नियमानुसार कार्यवाही करते हुए स्थाई समाधान करना सुनिश्चित करें।
उक्त के पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत पिपरौली शिव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट 1-8) तथा परिसर में संचालित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को विद्यालय परिसर व ग्राम में साफ सफाई सुनिश्चित करने को कहा तथा एकल कक्ष में रखे पुराने/ टूटे फर्नीचर को नियमानुसार नीलामी करने तथा विद्यालय में स्थापित खराब पड़े वाटर कूलर को सही कराने को कहा। उन्होंने मिड डे मील खाने हेतु बनाए गए स्थल पर शीघ्र ही टिन सेट डलवाने को कहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि ने विद्यालय परिसर से होकर निकलने वाली 11 हजार की विद्युत लाइन को हटवाने के लिए अनुरोध किया जिस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से इसको नियमानुसार संबंधित के माध्यम से अन्यत्र विद्युत पोल स्थापित करते हुए सही कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार बिधूना कंचन मिश्रा,थानाध्यक्ष, लेखपाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, राजस्व व पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।




