
औरैया । सदर तहसील औरैया क्षेत्र में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े हथठेलों ने आमजन का चलना दूभर कर दिया है। तहसील तिराहा तथा होमगंज जाने वाले मार्ग के दोनों ओर फैला यह अतिक्रमण रोजाना जाम की स्थिति पैदा कर रहा है। स्थिति यह है कि आने-जाने वाले वाहन कुछ-कुछ देर में ट्रैफिक में फँस जाते हैं और लोगों को कई मिनट तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दिनभर इस मार्ग से प्रशासनिक अधिकारी गुजरते रहते हैं। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और सीओ सिटी की सरकारी गाड़ियाँ भी कई बार इसी रास्ते से निकलती हैं लेकिन इसके बावजूद हथठेली वालों पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जा रही। यही नहीं पास ही पुलिस की ड्यूटी भी चौबीसों घंटे लगी रहती है और यातायात पुलिस का कर्मचारी भी मौके पर मौजूद पाया जाता है फिर भी जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि सुबह ऑफिस समय और दोपहर बाद स्कूल-ऑफिस की भीड़ के दौरान यहां स्थिति और भी बदतर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फँस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय से अस्पताल पहुँचाना मुश्किल हो जाता है। व्यापारियों और राहगीरों ने बताया कि हथठेलियों के मनमाने ढंग से लगने से सड़क का आधा हिस्सा कब्जे में रहता है, और वाहन चालकों को जोखिम उठाकर विपरीत दिशा से निकलना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग को अवरुद्ध करने वाले हथठेलों को नियमित स्थल निर्धारित कर वहां शिफ्ट किया जाए, ताकि आमजन को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल ने बताया कि जल्द ही मुनादी करते हुए अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा। जिससे कि यह समस्या समाप्त हो सके।




