
जसवंतनगर, इटावा।राष्ट्रीय राजमार्ग से कचौरा बाईपास होकर आगरा जनपद के पिनाहट की ओर जा रहा ओवरलोड मौरंग लदा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि डंपर इटावा की ओर से बालू भरकर पिनाहट जा रहा था। कचौरा बाईपास पर रेलवे पुल के आगे मोड़ पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और डंपर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह मार्ग राजस्थान, मध्यप्रदेश और आगरा जाने के लिए शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल होता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 42 वर्षीय चालक मनोज पुत्र पुत्तू सिंह व 28 वर्षीय मदन मोहन पुत्र पुत्तू सिंह निवासी पिनाहट को बाहर निकालकर सीएचसी भेजा। बाद में हाइड्रा व क्रेन की मदद से डंपर हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




