
सेहत से जुड़ी खबर
भिंडी की सब्जी खाने में इतनी स्वादिष्ट होती है कि बच्चों लेकर बड़े तक, इसे बड़े चाव से खाते हैं। इस सब्जी की खासियत यह है कि यह टेस्टी होने के साथ बेहद कम समय में बनकर तैयार हो जाती है।
बात अगर इसमें मौजूद पोषक तत्वों की करें तो भिंडी में प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम, जिंक, मैंगनीज, कॉपर, फॉस्फोरस और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो इसे सेहत के लिए फायदेमंद बनाते हैं। बावजूद इसके क्या आप जानते हैं कुछ रोगों में भिंडी खाने की मनाही होती है। ऐसा करने पर स्वाद और सेहत का ख्याल रखने वाली भिंडी फायदे की जगह नुकसान पहुंचाने लगती है। आइए जानते हैं, आखिर किन रोगों में भिंडी का सेवन करने से बचना चाहिए।
*इन बीमारियों में भूलकर भी ना करें भिंडी का सेवन*
*गैस और ब्लोटिंग*
अगर आपका पाचन तंत्र पहले से ही कमजोर है तो भिंडी का सेवन करने से बचें। भिंडी में मौजूद फाइबर की अधिकता गैस और ब्लोटिंग की समस्या को बढ़ा सकती है। इसके अलावा भिंडी के अधिक सेवन से व्यक्ति को कब्ज और एसिडिटी जैसी पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। अगर आपको पहले से ही पाचन संबंधी समस्याएं बनी रहती हैं, तो भिंडी का सेवन ना करें।
*किडनी से जुड़ी समस्या*
किडनी रोग से पीड़ित लोगों को भी भिंडी का सेवन नहीं करना चाहिए। भिंडी का सेवन किडनी और गॉल ब्लैडर में स्टोन की समस्या को और बढ़ा सकता है। बता दें, भिंडी में ऑक्सालेट की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो पथरी की समस्या को बढ़ा सकती है। ऐसे लोग भिंडी का सेवन डॉक्टर की सलाह के बाद ही करें।
*सर्दी-जुकाम में करें परहेज*
भिंडी का तासीर ठंडी होती है। ऐसे में अगर आप पहले से ही सर्दी-जुकाम या साइनस से परेशान हैं तो भिंडी का सेवन भूलकर भी ना करें। आपकी यह गलती सर्दी-जुकाम और खांसी की समस्या को बढ़ा सकती है।
*हाई बीपी*
हाई बीपी रोगियों को भी भिंडी का सेवन नहीं करना चाहिए। भिंडी में मौजूद पोटेशियम की अधिकता ब्लड प्रेशर के खतरे को बढ़ा सकती है।
*एलर्जी की समस्या*
कुछ लोगों को भिंडी खाने से एलर्जी की समस्या हो जाती है। जिसकी वजह से उन्हें त्वचा में चकत्ते, खुजली और अन्य एलर्जिक रिएक्शन का सामना करना पड़ सकता है। भिंडी से एलर्जी रखने वाले लोगों को भी इसका सेवन करने से बचना चाहिए।




