
दिबियापुर औरैयासामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 102 और 108 एम्बुलेंस कर्मियों को छह नवंबर से लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है। गुरुवार को दिबियापुर थाना प्रभारी रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचकर एंबुलेंस कर्मियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं|सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लखनऊ से आई टीम प्रशिक्षण दे रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है।इस प्रशिक्षण के दौरान,एम्बुलेंस कर्मियों को जीवन रक्षक दवाओं और एम्बुलेंस में उपलब्ध मेडिकल उपकरणों के सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।यह प्रशिक्षण तीस नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम में औरैया, इटावा, जालौन, झांसी और ललितपुर जिलों के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) शामिल हो रहे हैं|प्रत्येक बैच में 30 कर्मियों को दो दिन का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।कर्मियों को एम्बुलेंस में मरीज को ले जाते समय उसकी लगातार जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें मरीज के शरीर का तापमान, रक्तचाप (बीपी), शुगर, पल्स और रेस्पिरेटर ऑक्सीजन लेवल की जांच शामिल है। उन्हें मरीज के स्वास्थ्य में हो रहे बदलावों को प्री-हॉस्पिटल केयर रिकॉर्ड में दर्ज करने और समस्या के अनुसार उपलब्ध दवाओं से उपचार करने का अभ्यास भी कराया जा रहा है।इस प्रशिक्षण से जीवन रक्षक मिशन में सफलता मिलेगी। कर्मियों को बताया गया कि उनके अथक प्रयासों से लोगों की जान बचाने में मदद मिल रही है, जिसमें एम्बुलेंस में गंभीर स्थिति में कराए गए प्रसव भी शामिल हैं।प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रभारी ब्रजेश कुमार और अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी मौजूद रहे।




