पैतृक जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद

बिधूना में पैतृक जमीन पर निर्माण को लेकर विवादः एक पक्ष पर दबंगई और फर्जी मुकदमे की धमकी का आरोप

औरैया के बिधूना तहसील क्षेत्र के ग्राम भिखरा में पैतृक भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया है। प्रार्थी मान सिंह ने बुधवार को कोतवाली बिधूना में तहरीर दी है कि विपक्षी राजेंद्र सिंह और उनके परिवार ने निर्माण कार्य रोकने और जान से मारने की धमकी दी है।

85 वर्षीय पीड़ित मान सिंह पुत्र झब्बू सिंह (निवासी ग्राम भिखरा) के अनुसार, उन्होंने अपनी गाटा संख्या 299 मि. (क्षेत्रफल 0.105 हेक्टेयर) में से अपना आधा हिस्सा दो अलग-अलग खरीदारों को बेचा है। इनमें से एक हिस्सा प्रदीप कुमार पुत्र वेद प्रकाश (निवासी लोहा बाजार, बिधूना) को और दूसरा हिस्सा प्रीति कुमारी पत्नी नीरज कुमार गुप्ता (निवासी किशानी रोड, बिधूना) को बेचा गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब खरीदारों ने राजस्व टीम द्वारा पैमाइश कराने के बाद अपनी खरीदी हुई जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया, तो उनके ही परिवार के विपक्षी ने अपने साथियों और घर की महिलाओं के साथ मिलकर काम में बाधा डाली।

मान सिंह ने अपने शिकायती पत्र में बताया है कि जब खरीदारों ने अपनी जमीन पर काम करने की बात कही, तो विपक्षी पक्ष की महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया, इसके साथ ही फर्जी मुकदमा दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी भी देने लगे।

पीड़ित मान सिंह ने बिधूना कोतवाली में न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि खरीदारों को उनकी जमीन पर शांतिपूर्ण तरीके से निर्माण कार्य करने दिया जाए और विपक्षी पक्ष के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कोतवाल बिधूना मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

TAGS :

up24samachar.com पर हम राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, मनोरंजन, कारोबार, धार्मिक, हेल्थ, ज्योतिष समाचार, खेल समाचार इत्यादि समाचार प्रदान करते है.

Leave a Comment