
बिधूना (उत्तर प्रदेश)।
थाना बिधूना क्षेत्र के अंतर्गत बंथरा मार्केट में स्थित एक मोबाइल दुकान में शार्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में पीड़ित दुकानदार का करीब 5 से 6 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है।

दुकान बंद कर घर लौटते ही मिली अनहोनी की खबर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोडापुर निवासी सर्वेश कुमार के पुत्र किशन बाबू बंथरा मार्केट में ‘किशन मोबाइल’ के नाम से दुकान चलाते हैं। किशन बाबू ने बताया कि वह रोज की तरह रात करीब 8:00 बजे अपनी दुकान बंद करके घर गए थे। दुकान बढ़ाने के महज एक घंटे बाद ही उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में भीषण आग लग गई है। खबर मिलते ही जब वह आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, तो दुकान धू-धू कर जल रही थी।

लाखों के मोबाइल, एसेसरीज और कैश जलकर स्वाहा
पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, आग लगने की मुख्य वजह बिजली का शार्ट सर्किट है। इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखे कई कीमती एंड्रॉयड मोबाइल फोन, भारी मात्रा में मोबाइल एसेसरीज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इसके अलावा, दुकान के काउंटर में रखे करीब 20,000 रुपये नगद (कैश) भी आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित ने कुल मिलाकर 5 से 6 लाख रुपये के भारी नुकसान की आशंका जताई है।

फायर ब्रिगेड पर देरी का आरोप, दमकल कर्मियों ने पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने तुरंत 101 नंबर पर दमकल विभाग को आपातकालीन सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तो मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी को आने में करीब पौने घंटे (45 मिनट) का समय लग गया, जिससे नुकसान काफी बढ़ गया।
दमकल विभाग का पक्ष: एल. एफ. एम. दुर्गा प्रसाद ने बताया कि जैसे ही बिधूना कंट्रोल रूम को बंथरा बाजार में आग लगने की सूचना मिली, तत्काल वहाँ से दो फायर टेंडर (दमकल गाड़ियां) मौके पर भेजी गईं और टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया। हालाँकि, तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था।




