
यूपी के औरैया जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और बिजली खपत के चलते विद्युत पावर हाउसों पर लोड काफी बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि बड़े ट्रांसफार्मरों को गर्म होने से बचाने के लिए बिजली विभाग को पावर हाउस के अंदर कूलर लगाने पड़े हैं, ताकि सप्लाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।

औरैया जिले में इस समय गर्मी अपने चरम पर है। तेज धूप और बढ़ते तापमान से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग दिन के समय घरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। जिले के विभिन्न विद्युत पावर हाउसों में ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक लोड पड़ रहा है। ऐसे में ट्रांसफार्मरों को ओवरहीटिंग से बचाने के लिए बिजली विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। पावर हाउस के अंदर बड़े-बड़े कूलर लगाए गए हैं, जिससे ट्रांसफार्मरों का तापमान नियंत्रित रखा जा सके और किसी प्रकार की तकनीकी खराबी न आए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस समय बिजली की खपत सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा बढ़ गई है। लगातार बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मरों के गर्म होने की संभावना बनी रहती है। इसी को देखते हुए विभाग की ओर से कूलिंग व्यवस्था की गई है। वहीं लाइनमैनों और कर्मचारियों को भी लगातार अलर्ट मोड पर रखा गया है। बिजली लाइन और ट्रांसफार्मरों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी शिकायत का तुरंत समाधान किया जा सके।
फिलहाल बिजली विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। भीषण गर्मी के बीच विभाग की कोशिश है कि लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे और तकनीकी खराबियों से समय रहते निपटा जा सके।




