
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
चोरी की घटनाओं पर विराम न होने से कस्बे में दहशत का माहौल
बिधूना । तहसील परिसर में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित अन्नदा कैटीन में अज्ञात चोरों ने जाली काटकर सिलेण्डर वर्तन व हजारों रूपये कीमत का खानपान का सामान चोरी कर ले गये। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस कैटीन संचालिका से घटना की जानकारी ली। तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसरों से हुई चोरी को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खडे हो रहे हैं।
महिला सशक्तीकरण के तहत महिलाओं की आय बढाने और गरीबों को कम कीमत पर बेहतर भोजन उपलब्ध कराने को लेकर सरकारी परिसरों में स्वयं सहायता समूह द्वारा अन्नदा कैंटीन संचालित की जा रही है। बीती रात्रि अज्ञात चोरों ने तहसील परिसर में अन्नदा कैन्टीन की जाली काटकर उसमे 2 कामर्शियल सिलेण्डर, 2 बडे कुकर, वर्तन और सरसों का तेल, छोले आदि खान पान का सामान चोरी लिया। शुक्रवार को सुबह कैन्टीन संचालिकायें सुनीता, पूजा, सरोजनी आदि तहसील पहुंची तो सामान चोरी गया देख हैरान रह गई। संचालिका सुनीता, पूजा ने बताया कि जय गोरखनाथ स्वयं सहायता समूह द्वारा तहसील बिधूना में अन्नदा कैन्टीन चलाती हैं। शुक्रवार को वह भोजन बनाने पहुंची तो सामान चोरी हो चुका था। अज्ञात चोर पीछे की दीवाल की ईंटो की जाली काटकर सारा सामान चोरी कर ले गये। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस घटना की जांच पडताल में जुटी हुई है।






