
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सूरजपुर मोहल्ला/गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव उनके ही घर के भीतर खून से लथपथ संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। महिला के शरीर और गर्दन पर धारदार हथियार (चाकू) से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं। घर के भीतर अलमारी और बक्से के ताले टूटे होने के कारण प्राथमिक तौर पर लूटपाट के विरोध में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतका की पहचान संतोष कुमारी (65/70 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली रहती थीं। उनका एक बेटा मध्य प्रदेश के विदिशा में रहकर काम करता है, जबकि दूसरे बेटे का पहले ही देहांत हो चुका है। मंगलवार दोपहर के बाद से जब संतोष कुमारी को बाहर नहीं देखा गया और बुधवार देर रात तक घर का मुख्य दरवाजा बंद रहा, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी की शंका हुई। जब लोग घर के भीतर दाखिल हुए, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर दंग रह गए। बुजुर्ग महिला का शव जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था।

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक (फील्ड) यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स व अन्य जरूरी नमूने एकत्र किए गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक भारती ने बताया:
”थाना बिधूना के सूरजपुर क्षेत्र में एक वृद्ध महिला संतोष कुमारी का शव घर के भीतर मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद था, जबकि अंदर के अन्य दरवाजे बंद थे। फील्ड यूनिट को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं और शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”





