कार और बाइक में आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, दो घायल


बेला/बिधूना। थाना बेला क्षेत्र में तालपुरवा के सामने बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेनू (18), मानसी (11) और नीलू (18) पुत्रियां शिव सिंह, निवासी खानपुर थाना ठठिया जनपद कन्नौज, बाइक से बिधूना से अपने गांव वापस लौट रही थीं। इसी दौरान बेला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रेनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मानसी और नीलू गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।


स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।


पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मौके पर थाना अध्यक्ष गंगा दास गौतम, उप निरीक्षक बृजभूषण तिवारी, उप निरीक्षक अनिलेश यादव, सिपाही विशाल तंवर, अंकुश कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

TAGS :

up24samachar.com पर हम राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, मनोरंजन, कारोबार, धार्मिक, हेल्थ, ज्योतिष समाचार, खेल समाचार इत्यादि समाचार प्रदान करते है.

Leave a Comment