
बिधूना स्थानीय रामलीला मैदान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती अत्यंत उत्साह और गौरव के साथ मनाई गई। भाजपा नेता अभय सेंगर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा, सभा और मेधावी छात्र और पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह का आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश चौहान ने कहा, हम उस महान प्रताप के वंशज हैं जिन्होंने स्वाभिमान के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वहीं, जिला प्रभारी आनंद सिंह ने महाराणा के ऐतिहासिक शौर्य और अदम्य साहस का वर्णन करते हुए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।

रामलीला मैदान से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का मुख्य आकर्षण सफेद घोड़े पर सवार महाराणा प्रताप का प्रतीक स्वरूप युवक था, जो हाथ में तलवार लिए ‘चेतक’ की याद दिला रहा था। यह यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौराहा, फीडर रोड, दुर्गा मंदिर तिराहा, लोहा मंडी, नदी तिराहा, बेला रोड बायपास होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची। शोभायात्रा के

समापन के पश्चात मंच पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र और महाराणा प्रताप का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और शील्ड प्रदान की गई।कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. घनश्याम सिंह सेंगर, अनिल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अछल्दा डॉ. शरद सिंह राना, गुड्डू वर्मा, अमित कुमार ललतू बॉथम, बंटू राव, नीरज चौहान, मनोज चौहान, शिव सिंह भारती, भानू ठाकुर, और निर्मला चौहान समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। अंत में कार्यक्रम संयोजक अभय सेंगर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आगंतुकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पूरी यात्रा के दौरान प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुहैल खान समेत थाना पुलिस बल मुस्तैद रहा

।





