
बिधूना । कोतवाली क्षेत्र के अलग अलग गांवो से तीन घरों से महिला ठगों ने जेवरात दोगुना वापस लौटाने का प्रलोभन देकर लाखों रूपये के सोने चांदी के जेवरात पार कर दिये। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अनन्तापुर बंथरा निवासी मुकेश कुमार की पुत्री आकांक्षा से अज्ञात महिला ने झांसे में लेकर सोने चांदी के जेवरात दोगुना करने का प्रलोभन दिया। आकांक्षा ने झांसे में आकर घर में कान के बाले, मटरमाला, मंगलसूत्र, पायलें, अगूंठिया आदि सोने चांदी के जेवरात उसे सौंप दिया महिला ठग अगले दिन दोगुना जेवर और 50 हजार रूपये नगद देने का झांसा देकर चली गई। घटना के समय घर में मौजूद अन्य परिजन दोपहर में सो रहे थे। वहीं कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसई में भी महिला ठगों ने दो घरों में ठगी की घटना को अंजाम दिया। बसई निवासी आरती देवी पत्नी दुर्गेश कुमार व रिंकी पत्नी राजेश के घर पहुंची अज्ञात महिलाओं ने जेवरात दोगुना करने और हजारों रूपये की नगदी देने का लालच देते हुये मटरमाला, अगूंठी, पायलें आदि जेवरात लेकर दूसरे दिन वापस आने को कहकर फरार हो गई। दूसरे दिन महिला ठगों के वापस न आने पर ठगी किये जाने का अहसास होते ही महिलाओं के होश उड गये और घर के परिजनों का घटना की जानकारी दी। घटनाओं को लेकर पीडितों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई सूचना मिलने पर पहुंची सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और ठगी के शिकार पीडितों द्वारा अज्ञात महिलाओं की जानकारी लेकर तलाश में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी मुकेश चैहान ने बताया कि ठगी की घटनाओं की जानकारी मिली है। घटनाओं की जांच पडताल की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है इस तरह की संदिग्ध गतिविधि वाली अनजान लोगों से सावधान रहें संदेह की स्थिति तत्काल पुलिस से सम्पर्क करें और अनजान लोगों द्वारा दिये जा रहे प्रलोभनों में न पडें।




