बिधूना: किशोर गंज सब्जी मंडी की चूड़ी दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

बिधूना (औरैया)। कस्बा बिधूना के किशोर गंज सब्जी मंडी स्थित एक चूड़ी दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की इस घटना में दुकानदार का करीब 3 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराना बिधूना निवासी किशन अग्रवाल (पुत्र अरविंद अग्रवाल) की किशोर गंज सब्जी मंडी में ‘किशन चूड़ी सेंटर’ नाम से दुकान है। दुकानदार किशन ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर थे। रात करीब 10 बजे अचानक उनकी दुकान में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे वहां भीषण आग लग गई

दुकान से अचानक आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के पड़ोसी दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय दुकानदारों ने इस बात की सूचना तुरंत पीड़ित मकान मालिक और दुकानदार किशन को दी। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि “मैं घर पर था जब पड़ोसियों ने मुझे दुकान में आग लगने की खबर दी। जब तक मैं वहां पहुंचता, आग विकराल रूप ले चुकी थी।”

घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय दुकानदारों और सजग नागरिकों ने हिम्मत दिखाते हुए खुद ही मोर्चा संभाला। सभी के सामूहिक सहयोग और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।

पीड़ित दुकानदार किशन अग्रवाल के मुताबिक, इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखीं सभी कीमती चूड़ियां और अन्य सामग्रियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दुकान में लगभग 3 लाख रुपये का माल मौजूद था, जिसका अब नामोनिशान नहीं बचा है। इस घटना से पीड़ित परिवार को गहरा आर्थिक झटका लगा है।

TAGS :

up24samachar.com पर हम राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, मनोरंजन, कारोबार, धार्मिक, हेल्थ, ज्योतिष समाचार, खेल समाचार इत्यादि समाचार प्रदान करते है.

Leave a Comment