
औरैया के बिधूना कस्बे के मोहल्ला सूरजपुर में शनिवार सुबह एक वृद्ध महिला की करंट लगने से मौत हो गई। 62 वर्षीय महिला घर की साफ-सफाई कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार पुलिस ने कानूनी कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंपा।

संजीव राठौर ने बताया कि उनकी 62 वर्षीय माता फूलश्री (पत्नी ओमप्रकाश राठौर) शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे घर में झाड़ू लगा रही थीं। सफाई के दौरान वह कमरे में रखे फर्राटा पंखे को हटाने लगीं। इसी दौरान वह पंखे में आ रहे करंट की चपेट में आ गईं और बेहोश होकर गिर पड़ीं।

परिजनों ने तुरंत महिला को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से पूछताछ की।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि परिजनों ने मृतका का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।





