
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रुरुगंज-कुदरकोट मार्ग पर स्थित सरायमहाजनान गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार रुरुखुर्द निवासी 36 वर्षीय रमेश चंद्र उर्फ बाबूजी पुत्र रामशंकर बाइक से रुरुगंज से कुदरकोट की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह सरायमहाजनान गांव के पास पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रुरुगंज चौकी पुलिस और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को डायल 112 वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया है कि रमेश चंद्र उर्फ बाबूजी इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री का काम करते थे और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। करीब छह वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। उनके तीन वर्षीय बेटे कार्तिक के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं पत्नी रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि बाबूजी मिलनसार और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे, जिसके चलते क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी असमय मौत से गांव समेत आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। रुरुगंज चौकी इंचार्ज राजेश कुमार यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




