जनसमस्याओं को लेकर सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

औरैया। समाजवादी पार्टी के जिला संगठन ने जनपद की विभिन्न गंभीर जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी नेताओं ने महंगाई, बिजली संकट, सड़क एवं यातायात व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।


सपा नेताओं ने देश और प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने तथा हाल ही में हुई मूल्यवृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। भीषण गर्मी के बीच हो रही अघोषित बिजली कटौती पर चिंता जताते हुए जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग भी रखी गई।


ज्ञापन में जिले की बदहाल यातायात व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे अधूरी पड़ी सर्विस रोड को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई। इसके अलावा सिकरोड़ी रोड बाबरपुर, अजीतमल पावर हाउस, औरैया मंडी गेट तथा जैतापुर सहित विभिन्न स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता बताई गई। अजीतमल, दिबियापुर और बिधूना बस स्टैंडों से रोडवेज बसों का नियमित संचालन न होने से यात्रियों को हो रही असुविधा का उल्लेख करते हुए बस सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग की गई।
पार्टी ने पाता-हरचंदपुर मार्ग के निर्माण, याकूबपुर-दिबियापुर मार्ग को सात मीटर चौड़ा करने तथा अछल्दा नहर पुल के चौड़ीकरण की मांग भी उठाई। साथ ही हाल में नीट और सीयूईटी जैसी प्रमुख परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरते हुए प्रभावित छात्रों के हितों की रक्षा और उनके नुकसान की भरपाई की मांग की।
ज्ञापन में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियों की तत्काल मरम्मत, अटसू स्थित सब्जी मंडी परिसर को यथास्थिति बनाए रखने तथा बिधूना में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा जिले के आई हॉस्पिटल में पर्याप्त चिकित्सकों एवं जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, युवाओं के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा खेल स्टेडियम की स्थापना की मांग भी की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, लालजी शुक्ला, पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता, विनोद यादव ,कक्का, मदन गौतम, श्यामबाबू यादव, महेंद्र त्रिपाठी, रश्मि यादव, कमलेश तिवारी, मधु यादव, स्नेहलता दोहरे, भगवती निषाद, निर्मला राजपूत, राहुल तिवारी, हरीशंकर यादव, रानू पालीवाल, राजू मिश्रा, प्रदीप सविता, अनिल पाल, राज नारायण बघेल, राजकुमार गौतम, पप्पू नेता, अनवर यादव सहित एक सैकड़ा से अधिक समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

TAGS :

up24samachar.com पर हम राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, मनोरंजन, कारोबार, धार्मिक, हेल्थ, ज्योतिष समाचार, खेल समाचार इत्यादि समाचार प्रदान करते है.

Leave a Comment